दुबई एयर शो में शुक्रवार को हवाई करतब दिखाते समय भारतीय हल्का लड़ाकू विमान (LCA) तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मृत्यु हो गई। दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे हुई।
IAF ने हादसे की पुष्टि की, जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने बयान जारी कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश की घोषणा की। वायरल वीडियो में विमान को अचानक असंतुलित होकर जमीन पर गिरते और आग की लपटों में घिरते देखा गया।
यह भी पढ़ें – ‘असम मॉडल’ का बिहार चुनावों पर असर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का दावा
दुबई प्रशासन की तत्काल कार्रवाई
दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर दमकल और आपातकालीन टीम कुछ ही मिनटों में पहुंच गईं और स्थिति संभालने में जुटी हैं। एयर शो आयोजन समिति ने पायलट के परिवार और भारतीय वायुसेना के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें – G20 शिखर सम्मेलन में आधिकारिक चर्चा में शामिल नहीं होगा अमेरिका: व्हाइट हाउस
भारत की ओर से शोक संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास ने भी एक बयान जारी कर बताया कि उसकी टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय में कार्य कर रही हैं।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के अधिकारियों ने भी पायलट की मृत्यु पर दुख जताया और परिवार को समर्थन देने की बात कही।
तेजस विमान के बारे में
दुर्घटनाग्रस्त विमान तेजस Mk1 संस्करण था, जिसमें GE F404 इंजन लगा है। इसे भारतीय वायुसेना की दो स्क्वाड्रन—फ्लाइंग डैगर्स और फ्लाइंग बुलेट्स—संचालित करती हैं। यह विमान दुबई एयर शो में भाग ले रहे तीन तेजस विमानों में से एक था।