ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में शनिवार रात लंदन जा रही एक ट्रेन में चाकूबाजी की घटना ने दहशत फैला दी। इस हमले में 10 लोग घायल हुए, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
चश्मदीदों ने बताया डरावना मंजर
ट्रेन में मौजूद एक यात्री गेविन ने स्काई न्यूज को बताया कि कई लोग खून से लथपथ थे। उन्होंने एक घायल यात्री को चिल्लाते हुए सुना— “उनके पास चाकू है, मुझे चाकू मारा गया है।”
गेविन ने बताया कि किसी ने इमरजेंसी कॉर्ड खींच दी, जिससे ट्रेन हंटिंगडन स्टेशन पर रुक गई। “ट्रेन रुकते ही कई लोग फर्श पर गिर गए। एक व्यक्ति को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया,” उन्होंने कहा।
यह भी पढ़ें – हैदराबाद में महिला स्वच्छता कर्मी से फुटओवर ब्रिज पर दुष्कर्म, चौकीदार गिरफ्तार
पुलिस और बचाव अभियान
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने बताया कि 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जांच में आतंकवाद निरोधी इकाई भी शामिल है। भारी पुलिस बल, एंबुलेंस और हथियारबंद अधिकारी मौके पर पहुंचे।
यात्रियों में भगदड़ और दहशत
द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कई यात्रियों ने खुद को वॉशरूम में छिपा लिया। ट्रेन के डिब्बों में भगदड़ मच गई और कई लोग भागने की कोशिश में एक-दूसरे पर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें – ‘बहुबली’ रॉकेट से ISRO ने लॉन्च किया अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह CMS-03
संदिग्धों को टेसर से किया गया काबू
गेविन ने बताया कि पुलिस ने हमलावरों को ट्रेन से उतारते ही निशाना बनाया। “पुलिस चिल्ला रही थी— ‘गेट डाउन!’ एक संदिग्ध के हाथ में बड़ा चाकू था। पुलिस ने टेसर का इस्तेमाल कर उसे काबू में किया,” उन्होंने कहा।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।