भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पंजाब सरकार के संसाधनों का दुरुपयोग कर चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में 2 एकड़ में फैले भव्य सरकारी बंगले का उपयोग करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने इसे ‘शीश महल 2.0’ करार दिया।
भाजपा का यह हमला दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के उस दावे के बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि केजरीवाल को मुख्यमंत्री कोटे के तहत “लक्ज़री 7-स्टार सरकारी बंगला” आवंटित किया गया है।
भाजपा ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली में ₹52 करोड़ का शीश महल बनाने के बाद अब केजरीवाल 7-स्टार सरकारी बंगले में रहेंगे। आम आदमी बनने का उनका नाटक खत्म नहीं हो रहा।” पार्टी ने केजरीवाल को “सुपर सीएम” कहा और बंगले की सैटेलाइट तस्वीरें भी साझा कीं।
यह भी पढ़ें – केरल बना भारत का पहला राज्य जहां एक्सट्रीम पावर्टी पूरी तरह खत्म
AAP ने आरोपों को बताया ‘फर्जी और राजनीति से प्रेरित’
आम आदमी पार्टी (आप) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह बंगला मुख्यमंत्री का कैंप ऑफिस है, न कि केजरीवाल का निजी आवास।
पार्टी ने बयान जारी कर कहा, “प्रधानमंत्री के फर्जी यमुना अभियान के उजागर होने के बाद से भाजपा बौखलाहट में झूठ फैला रही है। अब ‘फेक यमुना’ के बाद ‘फेक 7-स्टार बंगला’ का झूठ फैलाया जा रहा है।”
आप ने भाजपा से पूछा कि यदि आवंटन हुआ है तो उसका पत्र कहां है, और याद दिलाया कि चंडीगढ़ प्रशासन स्वयं भाजपा के नियंत्रण में है।
स्वाति मालीवाल के बयान से बढ़ा विवाद
स्वाति मालीवाल ने यह भी दावा किया कि केजरीवाल ने पंजाब सरकार के हेलिकॉप्टर और निजी जेट का उपयोग पार्टी के काम के लिए किया। उन्होंने कहा, “पूरी पंजाब सरकार एक व्यक्ति की सेवा में लगी है।”
यह भी पढ़ें – राष्ट्र्रीय एकता दिवस पर स्वदेशी डॉग स्क्वॉड के प्रदर्शन की पीएम मोदी ने की सराहना
यह विवाद 2024 के उस ‘शीश महल’ प्रकरण को दोहराता है, जब भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल पर दिल्ली के फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास के निर्माण में अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।