यूक्रेन में बुधवार तड़के हुए रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। हमलों से देशभर में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और राजधानी कीव के कई इलाकों में गिरते मलबे से आग लग गई।
कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर त्काचेंको ने बताया कि शहर के कई इलाकों में मिसाइलों के टुकड़े गिरने से आग लगी। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रमुख सहयोगी आंद्रिय यर्मक ने कहा, “यूक्रेन ने काफी पहले अमेरिका की संघर्षविराम प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था, लेकिन रूस हिंसा जारी रखे हुए है।”
यह भी पढ़ें – ‘आतंक में इस्तेमाल हो रहे थे हलाल फंड’, योगी ने बैन का बचाव किया, कहा ईद मिलन खत्म करना सेक्युलरिज़्म की रक्षा
रूस के इनकार के बाद पुतिन–ट्रंप बैठक रद्द
व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच प्रस्तावित शिखर बैठक को फिलहाल रद्द कर दिया है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि “निकट भविष्य में ऐसी कोई बैठक तय नहीं है।”
कीव और आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित
आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव में दो लोगों और आसपास के क्षेत्र में चार लोगों, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं, की मौत हुई। मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि ड्निप्रोव्स्की जिले की एक ऊंची इमारत में लगी आग से दस लोगों को बचाया गया, जबकि पांच लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें – दिल्ली सरकार ने यमुना पर छठ पूजा से हटाया प्रतिबंध, शहर में बनाए जाएँगे 1,000 घाट
ऊर्जा ढांचे पर फिर हमला
ऊर्जा मंत्री स्वितलाना ह्रिनचुक ने कहा कि रूस ने फिर से यूक्रेन की ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाया। कीव, पोल्टावा और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। मिर्होरोद जिले में तेल और गैस संयंत्र क्षतिग्रस्त हुए।
जापोरीझझिया क्षेत्र में रूसी गोलाबारी में 13 लोग घायल हुए। 2022 में रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन के बिजली ढांचे पर लगातार हमले हो रहे हैं। मंगलवार को हुए एक हमले में चार लोग मारे गए और लाखों लोग बिजली और पानी से वंचित हो गए।