पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर ने शनिवार को अफगानिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि “शांति और अराजकता में से एक को चुनो।” उन्होंने काबुल से मांग की कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल कर रहे आतंकियों के खिलाफ तुरंत और ठोस कार्रवाई करे जो पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं।
एबटाबाद स्थित पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी (पीएमए) में कैडेट्स के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान अपनी सीमा पर किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी, “अफगान भूमि का इस्तेमाल करने वाले सभी प्रॉक्सी तत्वों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।”
यह भी पढ़ें – ‘नो ह्यूमैनिटी, नो क्रिकेट’ पाकिस्तानी हमले में खिलाड़ियों की मौत के बाद अफगानिस्तान ने क्रिकेट को बनाया विरोध का प्रतीक
यह बयान शुक्रवार देर रात अफगानिस्तान में आतंकी ठिकानों पर किए गए पाकिस्तानी हवाई हमलों के बाद आया है। ये हमले उस समय हुए जब दोनों देशों ने दो दिन की संघर्षविराम अवधि को बढ़ाने पर सहमति जताई थी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हाफिज गुल बहादुर गुट के ठिकानों पर की गई, जिसने हाल ही में उत्तर वज़ीरिस्तान में सैन्य अड्डे पर हमले की जिम्मेदारी ली थी।
दोनों देशों के प्रतिनिधि जल्द ही दोहा में मुलाकात करेंगे, जहां क़तर सरकार तनाव कम करने के प्रयासों में मध्यस्थता कर सकती है।
यह भी पढ़ें – पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में तीन अफगान क्रिकेटरों सहित आठ की मौत, अफगानिस्तान ने ट्राई-सीरीज़ से हटाया नाम
इस्लामाबाद ने बार-बार आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल आतंकवादी समूह पाकिस्तान में हमले करने के लिए कर रहे हैं, जबकि काबुल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसकी भूमि किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ इस्तेमाल नहीं हो रही है।
दोनों देशों के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ओरकज़ई ज़िले में हाल ही में हुए एक आतंकी हमले में 11 पाक सैनिक मारे गए, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर शामिल थे।