अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में तीन अफगान क्रिकेटरों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी20 सीरीज़ से नाम वापस लेने की घोषणा की।
एसीबी के अनुसार, क्रिकेटर कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून उरगुन से शराना गए थे, जहां उन्होंने एक फ्रेंडली मैच खेला। लौटने के बाद वे एक सभा में शामिल थे, जब उन पर हमला हुआ। बोर्ड ने इसे “पाकिस्तानी शासन द्वारा किया गया कायराना हमला” बताया।
अपने आधिकारिक बयान में एसीबी ने कहा, “यह अफगानिस्तान के खेल समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति है। हम पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।” बोर्ड ने यह भी बताया कि इस हमले में सात लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें – अखिलेश यादव ने अयोध्या दीपोत्सव पर खर्च पर उठाए सवाल, बीजेपी ने किया पलटवार
एसीबी ने कहा, “इस दुखद घटना के मद्देनज़र और शहीद खिलाड़ियों के सम्मान में अफगानिस्तान आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला से हट रहा है।”
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा तनाव
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने शुक्रवार रात अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए, जिससे 48 घंटे की युद्धविराम संधि टूट गई। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई, जिनमें नागरिक भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें – विराट-रोहित की रिटायरमेंट पर अजीत अगरकर ने दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने यह हमला हाफिज गुल बहादुर ग्रुप पर किया, जो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़ा है। यह हमला नॉर्थ वज़ीरिस्तान में पाकिस्तानी सैन्य शिविर पर हुए आत्मघाती हमले के जवाब में किया गया, जिसमें सात जवान मारे गए थे।
यह घटना 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से दोनों देशों के बीच सबसे घातक टकरावों में से एक मानी जा रही है, जिसने सीमा पर तनाव को और बढ़ा दिया है।