बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया, जिन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के बाद उन्हें “कुशल और अनुभवी प्रशासक” कहा। नीतीश कुमार ने गुरुवार को रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा कि नीतीश कुमार “लंबे समय से सुशासन के सिद्ध रिकॉर्ड वाले अनुभवी प्रशासक” हैं।
यह भी पढ़ें – कर्नाटक में नेतृत्व बदलाव की अटकलों के बीच शिवकुमार समर्थक नेताओं की दिल्ली में खड़गे से मुलाकात
नीतीश कुमार ने जताया आभार
पीएम मोदी के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार ने X पर लिखा:
“माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के शुभकामनाओं के लिए हृदय से धन्यवाद और आभार।”
20 वर्षों का नेतृत्व
नीतीश कुमार ने पहली बार 2005 में पूर्णकालिक मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। अब वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवाकाल वाले मुख्यमंत्रियों में शामिल हो गए हैं। उनके शासन काल में बिहार में सड़क निर्माण, बुनियादी ढांचे में सुधार और अपराध में कमी जैसे बड़े बदलाव देखे गए, जिसके चलते उन्हें “सुशासन बाबू” कहा जाता है।
यह भी पढ़ें – ममता बनर्जी ने SIR रोकने की मांग की, BJP बोली-‘हार के डर से घबराई TMC’
एनडीए की प्रचंड जीत
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर जीत हासिल की।
- बीजेपी: 89 सीटें
- जेडीयू: 85 सीटें
- एलजेपी (राम विलास): 19 सीटें
- हम (सेक्युलर): 5 सीटें
- राष्ट्रीय लोक मंच: 4 सीटें
वहीं विपक्षी महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा। तेजस्वी यादव की आरजेडी केवल 25 सीटें जीत सकी, जबकि कांग्रेस 61 सीटों पर लड़कर केवल 6 सीटें जीत पाई।