गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने शुक्रवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया।
शपथ लेने वालों में स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, ऋषिकेश पटेल, दर्शन वाघेला, कुंवरजी बावलिया, रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, परशोत्तम सोलंकी, जितेंद्र वाघाणी, प्रफुल पंशेरिया और कनुभाई देसाई शामिल हैं, जैसा कि गुजरात भाजपा की ओर से जारी सूची में बताया गया।
मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले मुख्यमंत्री पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा सूत्रों के अनुसार, “मुख्यमंत्री पटेल को छोड़ सभी मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं।”
यह भी पढ़ें – तालिबान से विवाद के बीच पाकिस्तान के मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ उगला जहर, भारत पर लगाया गंभीर आरोप
इससे पहले मुख्यमंत्री पटेल ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात कर नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की अनुमति मांगी और मौजूदा मंत्रिमंडल की स्थिति की जानकारी दी।
गुजरात मंत्रिपरिषद में पहले 17 सदस्य थे, जिनमें 8 कैबिनेट मंत्री और 9 राज्य मंत्री (MoS) शामिल थे। राज्य के 182 सदस्यीय विधानसभा में संविधान के अनुसार अधिकतम 27 मंत्री (15%) हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें – बेंगलुरु कॉलेज में छात्रा के साथ पुरुषों के शौचालय में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
हाल ही में राज्य भाजपा में भी बदलाव हुआ है, जहां राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को नया गुजरात भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल का स्थान लिया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।