दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सचिवालय में प्रदूषण की गंभीर स्थिति पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण को सरकार की “शीर्ष प्राथमिकता” बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने और सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा, PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, विकास मंत्री कपिल मिश्रा, सामाजिक कल्याण मंत्री रविंदर इंदर सिंह, मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
औद्योगिक इकाइयों और वाहनों पर निगरानी के लिए विशेष टीमे
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों और वाहनों से प्रदूषण पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी टीमें गठित करने के आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कचरा जलाने पर रोक, सड़कों की सफाई, और धूल नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। दिल्ली में हॉटस्पॉट इलाकों में वाटर स्प्रिंकलर और डस्ट सप्रेशन मशीनें तैनात की गई हैं।
यह भी पढ़ें – ट्रंप के टैरिफ अधिकारों को चुनौती देने वाले भारतीय-अमेरिकी वकील नील कट्याल
सरकार ने यह भी विचार किया है कि सर्दी के दौरान रात की ड्यूटी करने वाले सुरक्षाकर्मियों को हीटर उपलब्ध कराए जाएं।
तीन दिन से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दिल्ली की हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 316 दर्ज किया गया, जो लगातार तीसरे दिन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा।
सीपीसीबी के Sameer ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, 28 निगरानी केंद्रों पर AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें – R Ashwin: भारत की विश्व कप जीत की सबसे बड़ी वजह हैं श्री चरणी
राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र और दिल्ली की भाजपा सरकारों पर प्रदूषण रोकने में नाकामी का आरोप लगाया।
एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए राहुल ने कहा, “दिल्ली की हवा लगातार ज़हरीली होती जा रही है और सरकार के पास सिर्फ बहाने हैं।”
उन्होंने इंडिया गेट के पास एक वीडियो साझा किया जिसमें वे सांस लेने में कठिनाई और आंखों में जलन की बात कर रहे हैं।
राहुल ने कहा कि सिर्फ किसानों या वाहनों को दोष देना गलत है और यह भी बताया कि उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी को दिल्ली से बाहर भेजने पर विचार किया है।