गुजरात की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर राज्य सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री ने इन इस्तीफों को स्वीकार कर लिया है और आज देर शाम राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात कर नई मंत्रिपरिषद के गठन का दावा पेश करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, आगामी मंत्रिमंडल में केवल हर्ष सांघवी और ऋषिकेश पटेल को ही दोबारा जगह मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह कदम प्रशासनिक पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
यह भी पढ़ें – तालिबान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की भारत यात्रा, व्यापार, सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों में सुधार पर रहेगा फोकस
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा आज रात 8 बजे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आवास पर गुजरात के सभी विधायकों के साथ रात्रिभोज करेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे मुख्यमंत्री राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात कर नए मंत्रियों की सूची सौंपेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में 17 सदस्यों वाले गुजरात मंत्रिमंडल का विस्तार कल किया जाएगा। इसमें करीब 10 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है, जबकि लगभग आधे मौजूदा मंत्रियों को बदला जा सकता है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में आठ कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री शामिल हैं।
गुजरात विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं, और नियमों के अनुसार राज्य में अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं, जो सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत है। इसी महीने की शुरुआत में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को भाजपा की गुजरात इकाई का नया अध्यक्ष बनाया गया था।
भूपेंद्र पटेल ने वर्ष 2021 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 12 दिसंबर 2022 को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभाला था।