तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को पार्टी के लिए “एसिड टेस्ट” बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से सतर्क और सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने इसे “Silent Invisible Rigging” का प्रयास करार दिया।
करीब दो घंटे चली बैठक में बनर्जी ने बूथ स्तर के एजेंटों और स्थानीय नेताओं को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची की बारीकी से निगरानी करें और किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम हटने न दें।
“हम किसी का नाम नहीं हटने देंगे” — अभिषेक बनर्जी
बिहार के SIR अनुभव का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा,
“बीजेपी SIR और NRC के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है, जबकि तृणमूल उनके साथ खड़ी रहेगी। यह हमारा कर्तव्य है कि किसी का वोटर नाम न हटे।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी वास्तविक मतदाता का नाम गायब पाया गया, तो पार्टी दिल्ली में आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी।
यह भी पढ़ें – Sheesh Mahal 2.0’: पंजाब में ‘7-स्टार बंगले’ को लेकर केजरीवाल पर BJP का हमला, AAP का पलटवार
पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रमुख निर्देश
- सहायता शिविर: 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्यभर में अंचल-वार हेल्प डेस्क और शिविर लगाए जाएंगे।
- सुविधाएं: हर कैंप में लैपटॉप, प्रिंटर और वाई-फाई उपलब्ध रहेगा ताकि मतदाताओं को मौके पर सहायता दी जा सके।
- डिजिटल रिकॉर्ड: बूथ एजेंटों को दीदीर दूत ऐप पर जानकारी अपडेट करने और ऑफलाइन रिकॉर्ड बनाए रखने का निर्देश।
- समन्वय: सांसदों, विधायकों और ग्राम पंचायत प्रमुखों को मिलकर निगरानी करने को कहा गया है।
राज्यभर में 6,200 शिविर लगाकर 2,861 वार्डों और 3,345 ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा।
जिलावार दिशा-निर्देश
मालदा और मुर्शिदाबाद में प्रवासी मजदूरों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, जबकि पूर्व मेदिनीपुर में एक कानूनी सेल बनाई जाएगी।
बोंगांव और रानाघाट में असम जैसी स्थिति न बने, इसके लिए कार्यकर्ताओं को विशेष सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें – केरल बना भारत का पहला राज्य जहां एक्सट्रीम पावर्टी पूरी तरह खत्म
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने टीएमसी पर जमीनी उपस्थिति कमजोर होने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा,
“वह (अभिषेक बनर्जी) जमीन पर नहीं उतरते, इसलिए वर्चुअल बैठकें करते हैं। SIR के बाद उनकी पार्टी वर्चुअल दुनिया से भी गायब हो जाएगी।”