केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट स्थल का दौरा किया। इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं।
LNJP अस्पताल पहुंचे, घायलों से मुलाकात
अमित शाह ने सबसे पहले लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दौरान दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें – Delhi Blast: 9 की मौत, 20 घायल, पीएम मोदी ने ली स्थिति की समीक्षा, अमित शाह ने किया घटनास्थल का दौरा
विस्फोट की जांच तेज, सभी एजेंसियां सक्रिय
गृह मंत्री ने बताया कि इस घटना की बहु-एजेंसी जांच चल रही है।
“विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनआईए, एसपीजी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी संभावनाओं पर जांच की जा रही है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें फोन कर स्थिति की समीक्षा की।
देशभर में हाई अलर्ट
विस्फोट के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने देशभर में हाई अलर्ट जारी किया है। इसमें हवाई अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, ऐतिहासिक स्थलों और सरकारी परिसरों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
एनएसजी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ेें – दिल्ली के दरवाज़े पर बड़ा आतंकी साज़िश नाकाम: 2,900 किलो विस्फोटक बरामद, तीन डॉक्टर समेत आठ गिरफ्तार
आतंकी एंगल की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह विस्फोट एक आईईडी (Improvised Explosive Device) से हुआ था जो हुंडई i20 कार में रखा गया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियां जम्मू-कश्मीर कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।
यह विस्फोट उसी दिन हुआ जब पुलिस ने फरीदाबाद में 2,900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद कर एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था।