दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट में आठ लोगों की मौत और बीस से अधिक घायल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली में हुए धमाके में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायल जल्द स्वस्थ हों — यही मेरी प्रार्थना है। प्रभावितों की हर संभव मदद की जा रही है।”
प्रधानमंत्री ने गृहमंत्री अमित शाह और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा भी की।
यह भी पढ़ें – Delhi Blast: 9 की मौत, 20 घायल, पीएम मोदी ने ली स्थिति की समीक्षा, अमित शाह ने किया घटनास्थल का दौरा
अमित शाह ने अस्पताल व धमाके की जगह का किया दौरा
गृहमंत्री अमित शाह ने लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और इसके बाद लाल किला के पास धमाके की जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच एजेंसियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
रक्षा मंत्री का बयान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना को “बेहद दुखद और चिंताजनक” बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
क्या हुआ दिल्ली में
शाम करीब 7 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई और कई वाहन जल गए।
सूत्रों के अनुसार, कम से कम दस लोगों की मौत हुई है और तीस से अधिक घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें – Red Fort Blast: अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया, LNJP अस्पताल में घायलों से मिले
देशभर में हाई अलर्ट
दिल्ली पुलिस और एनआईए की टीमें जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक जांच में आईईडी विस्फोट की आशंका जताई गई है।
घटना के बाद सीआईएसएफ ने देशभर में हाई अलर्ट जारी किया है, विशेष रूप से हवाई अड्डों, मेट्रो, ऐतिहासिक स्थलों और सरकारी इमारतों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जम्मू-कश्मीर से संभावित आतंकी लिंक की जांच की जा रही है।